श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोहे की भारी शीट लेकर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर देवरी गांव के पास सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। तसभी पहिए ऊपर होने से ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक वाहन के अंदर फंस गया था। स्थानीय लोगों ने तत्काल ब्यौहारी की पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने घायल चालक को बाहर निकालकर अपने वाहन से एक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक ट्रेलर में लोहे की लंबी और भारी शीट लोड थीं। वाहन ब्यौहारी से बुढ़वा मार्ग की ओर जा रह था। देवरी के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग
पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे मौजूद गड्ढे और वाहन की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। ब्यौहारी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।







