श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शिवपुरी। नीट की तैयारी के लिए शिवपुरी से हल्द्वानी गई 19 वर्षीय छात्रा अंजलि जाटव ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक डायरी मिली है, जिसमें लिखा है, “एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ूंगी।” इस लाइन के बाद पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
30 मई को लिया था कोचिंग में प्रवेश
मानीपुरा कोलारस, शिवपुरी मध्य प्रदेश निवासी अंजलि जाटव पुत्री रघुवीर जाटव ने 30 मई को हल्द्वानी के मुखानी स्थित एक निजी कोचिंग में नीट की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था। वह फिलहाल डेमो क्लासेस ले रही थी और 29 जून से उसकी नियमित कक्षाएं शुरू होनी थीं। अंजलि कोचिंग से संबद्ध पीजी हॉस्टल में रह रही थी।
अंजलि के भाई जितेंद्र जाटव भोपाल एम्स से पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने भी हल्द्वानी से कोचिंग की थी। इसी को देखते हुए पिता रघुवीर जाटव ने बेटी को भी नीट की तैयारी के लिए 563 किमी दूर हल्द्वानी भेजा था।
पुलिस खंगाल रही फोन और इंटरनेट हिस्ट्री
पिता रघुवीर जाटव ने बताया कि नीट के बाद नया बैच शुरू होने वाला था। करीब पांच दिन पहले बेटी से बात हुई थी, तब उसने तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। इस पर उन्होंने डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी थी।
हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार पुलिस ने छात्रा का फोन कब्जे में लिया है। उसकी इंटरनेट मीडिया गतिविधियों और गूगल सर्च हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।







