श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः नगर पालिका परिषद शहडोल में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के ट्रांसफर के बाद भी पुरानी अधिकारी द्वारा सरकारी नस्तियां न लौटाने का मामला भोपाल तक पहुंच गया है। नस्तियां प्राप्त करने लिए अध्यक्ष ने कलेक्टर को पत्र लिखा। इसके बाद कलेक्टर ने नस्तिया नहीं लौटाने वाली पूर्व सीएमओ आशा भंडारी के विरुद्ध भोपाल पत्र लिखकर कार्रवाई प्रस्तावित की है। पत्र में कहा गया है कि निस्तियां नहीं मिलने से कार्यालय का काम और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मध्यप्रदेश शासन के आदेश पर दो जून को सीएमओ आशा भंडारी का तबादला अनूपपुर कर दिया गया था। उनकी जगह जयसिंहनगर से आए निशांत सिंह ठाकुर को नया सीएमओ कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद नए सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर को जानकारी मिली कि कार्यालय की विभिन्न शाखाओं की करीब 52 महत्वपूर्ण नस्तियां अभी भी पूर्व सीएमओ आशा भंडारी के पास हैं। कलेक्टर के पत्र के अनुसार, नस्तियां वापस लेने के लिए आशा भंडारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया।
उन्हें पत्र भी जारी किए गए, लेकिन आज तक न तो उनकी तरफ से कोई जवाब आया और न ही नस्तियां वापस की गई। कार्यालय की कई अति महत्वपूर्ण नस्तियां पूर्व अधिकारी के पास होने के कारण कार्यालयीन कामकाज प्रभावित वै हो रहा है। इसके साथ ही अनेक जरूरी निर्माण कार्य रुके हुए हैं।
कलेक्टर डा. केदार सिंह ने 19 जून को आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल को पत्र लिखा है कि पूर्व सीएमओ आशा भंडारी के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है, क्योंकि सरकारी नस्तियां नहीं लौटाई हैं। इस मामले में अभी तक आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कलेक्टर के पत्र लिखने के बाद भी सीएमओ नस्तियां नहीं दे रही हैं।







