श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। शनिवार की सुबह रिश्तेदारी से घर लौट रहे तीन युवकों की बाइक और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
शनिवार सुबह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे
घटना में मृतकों की पहचान खैरवान टोला ग्राम पंचायत गोवर्दे निवासी प्रदीप केवट पिता मुन्ना केवट और रामकेश केवट पिता राम भजन केवट के रूप में हुई है। वहीं हिमांशु केवट पिता उमेश केवट गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया गया कि तीनों युवक रिश्तेदारी में गए हुए थे और शनिवार सुबह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ही हुआ हादसा
घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ही उनकी बाइक की सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण प्रदीप केवट एवं रामकेश केवट की मौके पर ही मौत हो गई।
चिकित्सकों ने उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल हिमांशु को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना बेहद दर्दनाक थी और मौके का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और वाहन चालकों की स्थिति की जांच की जा रही है।







