SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » सिवनी के मोबाइल नंबर से लारेंस बिश्नोई गैंग ने दिल्ली के व्यापारी से मांगी 2 करोड़ रुपये की फिरौती

सिवनी के मोबाइल नंबर से लारेंस बिश्नोई गैंग ने दिल्ली के व्यापारी से मांगी 2 करोड़ रुपये की फिरौती

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   सिवनी। राजधानी दिल्ली के एक व्यापारी से कुख्यात लारेंस बिश्नोई गैंग द्वारा 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले के तार मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से जुड़ गए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम गुरुवार को जिले के बंडोल क्षेत्र में पहुंची।

दरअसल, दिल्ली पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला कि दिल्ली के व्यापारी को व्हाट्सएप काल के जरिए धमकी देने और फिरौती मांगने के लिए जिस मोबाइल नंबर का उपयोग किया गया था, उसका पंजीयन और लोकेशन सिवनी जिले की है।

पुलिस के अनुसार यह रंगदारी की काल लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े ””हैरी बाक्सर”” द्वारा की गई थी। सुराग मिलने पर दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मामले की पड़ताल तेज कर दी।

जांच में पता चला कि फिरौती के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर बंडोल निवासी सुनील सतनामी के नाम पर दर्ज है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील से पूछताछ की और फोरेंसिक व तकनीकी जांच के लिए उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसे दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है।

इस मामले में सिवनी पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि नंबर सुनील सतनामी के नाम पर दर्ज अवश्य है, लेकिन अब तक की पड़ताल में युवक की किसी भी आपराधिक गतिविधि या इस फिरौती मामले में कोई प्रत्यक्ष संलिप्तता सामने नहीं आई है।

तकनीकी जांच को और अधिक पुख्ता करने पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन जब्त किया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस और साइबर विशेषज्ञ इस संभावना पर काम कर रहे हैं।

हैरी बाक्सर और उसके गुर्गों ने किसी अनाधिकृत माध्यम (स्पूफिंग या हैकिंग) से इस युवक के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप काल की होगी।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई व जांच पूर्णतः दिल्ली पुलिस के स्तर पर की जा रही है, इसमें स्थानीय पुलिस का कोई अलग से केस नहीं है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us