श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- भिंड। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के नावली हार गांव में अप्रैल माह में हुई विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। अब पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 31 वर्षीय भावना पत्नी धर्मेंद्र जाटव निवासी नावली हार ने 12 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाहिता को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे, जिससे वह तनाव में रहने लगी थी। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठाया।
इन लोगों के खिलाफ हुई एफआईआर
पुलिस ने मायके पक्ष के बयान, साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतका के पति धर्मेंद्र जाटव, कैलाशबाई पत्नी गोपाल जाटव, भानु जाटव और रंजीत जाटव निवासी नावली हार के खिलाफ दहेज मृत्यु सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।







