श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले की धनपुरी नगरपालिका एक बार फिर कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला शहर की जल व्यवस्था से जुड़ा है।
संग्राम सिंह दफाई स्थित फिल्टर प्लांट के कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने से नाराज होकर हड़ताल शुरू कर दी है। भीषण गर्मी में कर्मचारी प्लांट गेट के सामने बैठकर विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि लगातार ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं दिया गया। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारियों ने. अब काम बंद कर आंदोलन का रास्ता चुन लिया है। उनका कहना है कि जब तक बकाया वेतन खाते में नहीं आएगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भुगतान में और देरी हुई तो नगर की जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कर्मचारियों के काम पर न लौटने की स्थिति में धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र में पानी सप्लाई बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। भीषण गर्मी के बीच पानी बंद होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मौके पर पहुंचे सहायक राजस्व निरीक्षक रामविशाल नापित ने कर्मचारियों को जल्द वेतन भुगतान का आश्वासन दिया। लेकिन कर्मचारियों ने आश्वासन पर भरोसा करने से इनकार कर दिया।
उनका कहना है कि खाते में पैसा आने के बाद ही आंदोलन खत्म होगा। इस बीच नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि फिल्टर प्लांट के कर्मचारियों का भुगतान जल्दी करा दिया जाएगा और फिलहाल पानी सप्लाई बंद नहीं है। हालांकि कर्मचारियों के रुख को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। नगरपालिका की लापरवाही से न केवल कर्मचारी परेशान हैं, बल्कि पूरे शहर के सामने जल संकट का खतरा भी मंडरा रहा है।







