SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » घायल को लाॅकअप में रखा था बंद, उपचार न मिलने से मौत, जबलपुर में बेलखेड़ा के एसआई निलंबित

घायल को लाॅकअप में रखा था बंद, उपचार न मिलने से मौत, जबलपुर में बेलखेड़ा के एसआई निलंबित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के बाद एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे घायल किराना व्यापारी और उसके भाई-भाभी को थाने के लाॅकअप में बंद रखा गया था। घायल किराना व्यापारी को समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।

प्रकरण में हत्या की धाराएं बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू

मामले की जांच में थाने के सीसीटीवी फुटेज से यह तथ्य सामने आने के बाद बेलखेड़ा थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक (एसआई) बलवीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा प्रकरण में हत्या की धाराएं बढ़ाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मारपीट के बाद थाने पहुंचे थे पीड़ित

ग्राम पिपरिया कला निवासी 40 वर्षीय इंदल घोसी गांव में किनारा दुकान संचालित करता था। उधार मांगने पर नाराज होकर सोमवार को गांव के हेमराज लोधी, चंदू लोधी, करण लोधी और रामफल लोधी ने उसके साथ मारपीट की थी।

घायल इंदल का स्वास्थ्य ज्यादा खराब हो गया था

इंदल के सिर पर लोहे की पाइप से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पर उसके भाई उमेश घोसी और भाभी विक्को के साथ भी मारपीट की गई। वे घटना की शिकायत करने के लिए बेलखेड़ा थाने पहुंचे तो उन्हें लाॅकअप में बंद कर दिया।

इंदल का शव रखकर सड़क जाम किया

घायल इंदल का स्वास्थ्य ज्यादा खराब हो गया। तब उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। भड़के स्वजन और ग्रामीणों ने बुधवार को इंदल का शव रखकर सड़क जाम किया। थाने के सामने प्रदर्शन कर पुलिस कर्मियों पर आरोपितों को संरक्षण देने और पीड़ित को परेशान करने का आरोप लगाया।

लाकअप में बंद करने की बात स्वीकार की

आक्रोश बढ़ने पर पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इंदल जब शिकायत करने पहुंचा था तो एसआई बलवीर सिंह ड्यूटी पर थे। तब उपस्थित अन्य पुलिस कर्मियों ने एसआई के निर्देश पर इंदल को लाकअप में बंद करने की बात स्वीकार की।

स्वजन भी कुछ देर के लिए लाकअप में बंद दिखे

पुलिस कर्मियों से पूछताछ के साथ ही थाने के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई, जिसमें इंदल एवं उसके स्वजन भी कुछ देर के लिए लाॅकअप में बंद दिखे। प्रारंभिक जांच के बाद एसआई को निलंबित कर दिया गया है। मामले में हत्या की धाराएं बढ़ा गई है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us