श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुरः महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग ने एक बड़ा कदम उठाया है। आयोग द्वारा प्रदेश की महिलाओं के लिए एक विशेष टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-6112 का शुभारंभ किया गया है।
इस नई व्यवस्था के माध्यम से अब राज्य की कोई भी महिला सीधे आयोग से संपर्क स्थापित कर अपनी शिकायतें, परेशानियां और सुझाव दर्ज करा सकेंगी, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
यह हेल्पलाइन महिलाओं और आयोग के बीच की दूरी को मिटाकर सीधे संवाद का एक सशक्त माध्यम बनेगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली उन महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जो संसाधनों की कमी या किसी अन्य मजबूरी के चलते सीधे आयोग के कार्यालय तक पहुंचने ‘में असमर्थ थीं। अब वे घर बैठे ही इस टोल-फ्री नंबर के जरिए न्याय और सहायता के लिए अपनी आवाज उठा सकेंगी।







