श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रीवा। रीवा में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के मामले में जांच के दौरान एक नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बड़े अब्बू ने बच्ची की मां से हुए विवाद का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल बच्ची का अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है।
मां से विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी का बच्ची की मां के साथ पहले से विवाद चल रहा था। जांच में पता चला है कि 3 जून को आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान महिला के साथ मारपीट की थी। उसके अगले दिन उसने मासूम बच्ची को निशाना बनाया। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि वारदात के दौरान जब उसने आरोपी से छोड़ देने की गुहार लगाई, तब उसने मां का नाम लेते हुए आपत्तिजनक बातें कहीं।
डॉक्टर मिश्रा ने बताया कि बच्ची को गंभीर हालत में भर्ती कराया है। उसके निजी अंगों में गंभीर चोटें हैं। लगातार रक्तस्राव हो रहा है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर चौबीसों घंटे नजर बनाए हुए है। बच्ची फिलहाल आईसीयू में उपचाराधीन है।
मां का छलका दर्द
अस्पताल में मौजूद बच्ची की मां ने कहा कि उनकी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उसके साथ इतनी क्रूरता की गई। उन्होंने कहा कि उनकी बच्ची अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत से जूझ रही है। परिवार की एकमात्र मांग है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि आरोपी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे समाज में सख्त संदेश जाए। लोगों ने बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए दोषी को कठोर दंड देने की मांग की है।
30 से अधिक मामलों का आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 30 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, चोरी और लूट जैसी वारदातें शामिल हैं। पुलिस की टीमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







