श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मुरैना। रविवार की रात के अंधेरे में पीछे कुत्तों के झुंड से घबराकर एक महिला पानी में कूद गई, जिसकी डूबने से मौत हो गई। बीती रात यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जौरी में हुई है। महिला को मानसिक बीमार बताया जा रहा है। जिस गड्ढे में महिला डूबी वह सरकारी पार्क के पास का एक हिस्सा है, जहां कई सालों से जलभराव है। यह स्थान कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के घर से चंद कदम की दूरी पर है।
मानसिक रूप से बीमार थी महिला
घटना रविवार रात नौ बजे के करीब की है। जौरी के पार्क के पास की है, यहां एक महिला घूमते हुए पहुंची और पार्क के पास स्थित पानी के गड्ढे के पास पेड़ के नींचे बैठ गई। इसी दौरान वहां कुत्तों का झुंड आ गया, जो महिला की तरफ भौंकने लगा। महिला डरकर पानी में कूद गई। जहां महिला कूदी वहां गहरा पानी था, जिसमें वह डूबने लगी। आसपास मौजूद लोगों की नजर महिला पर पड़ी, उसे बचाने के लिए बांस भी पानी में डाला लेकिन, मानसिक रूप से कमजोर महिला बांस से डरकर दूर हटने लगी और इसी दौरान डूब गई।
सूचना के बाद एसडीईआरएफ की टीम और सिविल लाइन थाना टीम पहुंची। यह गड्ढा सरकारी तालाब के पास है, जिसमें आसपास के घरों व नाले-नालियों का पानी सालों से जमा हो रहा है। इस स्थान से बुमिश्कल 500 कदम की दूरी पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना का घर (व्हाइट हाउस) है। रात साढ़े 12 बजे के करीब महिला का शव पानी से निकला। मृतका की पहचान नहीं हो सही है।
वाहनों की हेडलाइट में चला रेस्क्यू
पानी के इस गड्ढे के ऊपर से हाईटेंशन लाइन की लाइन गुजरी है, जो पानी से तीन से चार फीट ऊंची है। रात के समय मोटरवोट से रेस्क्यू करते समय एसडीईआरएफ की टीम को करंट फैलने का खतरा लगा, इसीलिए बिजली कंपनी को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई गई।
बिजली सप्लाई बंद होते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा हो गया। इसके बाद एसडीईआरएफ व पुलिस वाहन के अलावा स्थानीय लोगों ने अपने वाहन की हेडलाइड जलाईं, उसमें दो घंटे से ज्यादा देर तक रेस्क्यू चला। स्थानीय निवासियों ने बताया, कि सालों से पार्क के पास पानी भरा है, जो तालाब सा बन गया। नाले-नालियों के पानी की निकासी नहीं होने से यहां पानी भरता है, बारिश के दिनों में इस पानी से क्षेत्र की मुख्य सड़क का एक हिस्सा डूब जाता है।