श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सीहोर में शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया, वहीं पति ने विरोध किया तो उसे जमकर पीटा गया। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक युवक ने घर में घुसकर विवाहिता के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने पहले महिला को काबू में लेकर उसके हाथ-पैर बांधे और फिर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दुष्कर्म के दौरान ही पीड़िता का पति बरात से वापस घर पहुंच गया और उसने दरवाजा खटखटाया। पति की आवाज सुनते ही आरोपी घबरा गया। जैसे ही दरवाजा खुला, आरोपी ने महिला के पति पर हमला बोल दिया। आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की और उसे भी काबू में करने का प्रयास किया।
जान से मारने की धमकी देकर फरार
मारपीट के बाद आरोपी ने परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित दंपति सदमे में आ गए। परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। घटना के बाद पीड़िता अपने पति, देवर और जेठ के साथ महिला थाना सीहोर पहुंची। यहां उसने पूरी आपबीती पुलिस को सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी खालिद खां के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले को संवेदनशील मानते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच आगे बढ़ाई गई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और खोजबीन के बाद मंगलवार देर शाम आरोपी खालिद खां को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







