श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जयसिंहनगर पुलिस ने शनिवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 350 किलो गांजा बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए हैं।
जैतपुर क्षेत्र में गांजा कारोबार से जुड़े तीन युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत जयसिंहनगर पुलिस ने शनिवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 350 किलो गांजा बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर कुछ तस्कर मध्यप्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर जयसिंहनगर थाना पुलिस ने चंदेला मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान एक लग्जरी इनोवा और एक स्विफ्ट कार से लगभग 350 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी राहुल कुमार चर्मकार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। जब्त गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। गांजा और वाहनों सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। साथ ही जब्त मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गांजा तस्करी और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।







