श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल सोहागपुर बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर चालक ने आगे एक पिकअप को भी टक्कर मार दी, जिससे कई लोग घायल हो गए और ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया।
जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 बायपास पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया लेकिन कुछ दूरी पर एक पिकअप वाहन को टक्कर मारने के बाद ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि फरार ट्रेलर बुढार थाना क्षेत्र के सरफा पुल के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप से टकरा गया है।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में पिकअप में सवार कुछ मजदूर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चालक की लापरवाही सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।







