SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » शहडोल में मां ने तीन बेटियों को पिलाया जहर, दूसरी घटना में कुएं में डूबे चाचा-भतीजे; 6 मौतों से दहला इलाका

शहडोल में मां ने तीन बेटियों को पिलाया जहर, दूसरी घटना में कुएं में डूबे चाचा-भतीजे; 6 मौतों से दहला इलाका

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक ओर मां समेत तीन मासूम बेटियों की कीटनाशक सेवन से मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में कुएं में गिरने से चार वर्षीय चाचा-भतीजे की जान चली गई। इन हादसों में कुल छह लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा है।
अंतिम छोर पर स्थित पपौंध थाना क्षेत्र में शनिवार को कुछ ही घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। पहली घटना में एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की कीटनाशक सेवन से मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में खेलते समय कुएं में गिरने से चार वर्षीय चाचा-भतीजे की जान चली गई। दोनों घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मां ने तीन बेटियों को कीटनाशक पिलाया, फिर खुद भी खाया

पुलिस के अनुसार, हिरवार गांव निवासी अनिता सिंह (32) अपनी तीन बेटियों रितिका सिंह (7), कृष्णकुमारी सिंह (4) और अर्पिता सिंह (2) के साथ घर में रहती थी। उसका पति वाहन चालक है और रोजगार के सिलसिले में दूसरे जिले में गया हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अनिता ने पहले अपनी तीनों बेटियों को कृषि कार्य में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा पिलाई और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया।

घटना के कुछ देर बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान एक बच्ची घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों तक पहुंची और बताया कि उसकी मां ने उसे और उसकी बहनों को कीटनाशक पिलाया है तथा स्वयं भी खा लिया है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी।
 
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई चार जिंदगियां

पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजन और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

कारण अब भी रहस्य, पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के मायके पक्ष और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। प्रारंभिक जांच में आत्मघाती कदम के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

दूसरी घटना: खेलते-खेलते कुएं में गिरे चाचा-भतीजे
इसी थाना क्षेत्र के बरा बघेलहा गांव में एक और दुखद हादसा सामने आया। पुलिस के अनुसार चार वर्षीय किशन कोल और उसका चार वर्षीय भतीजा सत्यम कोल घर के पास स्थित कुएं के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक कुएं में गिर गए।

 ग्रामीणों ने निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पपौंध थाना क्षेत्र में एक ही दिन में हुई इन दो दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। चार मासूम बच्चियों और बच्चों समेत कुल छह लोगों की मौत से हिरवार और बरा बघेलहा गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us