श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पुश्तैनी जमीन धोखाधड़ी से बेच दी गई है और वह लंबे समय से न्याय के लिए भटक रहा है। युवक ने कहा कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा। युवक ने सिद्धार्थ गौतम और क्षेत्रीय पार्षद मनीष पटेल पर उसकी करीब दो एकड़ जमीन हड़पने का आरोप लगाया है।
उसके अनुसार, सिद्धार्थ गौतम ने जमीन के मूल दस्तावेज जबरन अपने कब्जे में ले लिए और पार्षद की कथित मिलीभगत से जमीन को करीब 40 लाख रुपये में बेच दिया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। संबंधित फाइल तलब की है। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पार्षद मनीष पटेल का कहना है कि उन पर लगाए आरोप निराधार है, जो व्यक्ति आरोप लगा रहा है वह आदतन अपराधी है। इससे पहले भी उसने ऐसा किया है। उसने ही फर्जी एग्रीमेंट बनाया है। अब जांच से बचने के लिए ऐसा कर रहा है।
जनसुनवाई में 101 आवेदन
- जनसुनवाई में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। साप्ताहिक जनसुनवाई में करीब 100 से ज्यादा आवेदन आए। इनमें दोबारा आए 32 आवेदन भी शामिल थे।
- जनसुनवाई में आए ज्यादातर आवेदन छात्रवृत्ति, अतिक्रमण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रिकार्ड सुधार, अर्जित अवकाश का भुगतान, अवैध कब्जा, संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता, पीएम आवास, लड़ाई-झगड़ा, आर्थिक सहायता, धोखाधड़ी आदि से संबंधित आवेदन थे। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।











