श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- शहडोलः मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन जनपद मुख्यालय जयसिंहनगर के पुलिस मैदान में किया गया। इस आयोजन में 200 जोडे परिणय सूत्र में बंधे और जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नव विवाहित जोडे तो खुश नजर आ ही रहे थे, साथ-साथ स्वजन के अंदर भी उत्साह दिखाई दे रहा था। इस मौके पर जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और नव दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान कर उनको उपहार स्वरूप चेक प्रदान किया। सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
सामूहिक कन्या विवाह के अवसर पर 200 नव दंपतियों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं भारतीय परंपरा के साथ सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधकर हंसी खुशी वैवाहिक जीवन जीने का संकल्प लिया। इस दौरान विधायक मनीषा सिंह, विधायक शरद कोल, कलेक्टर केदार सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष मालती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर नव विवाहित जोड़ों के सुख, समृद्धि और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मनीषा सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से जहां एक ओर विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का भी सशक्त संदेश दिया जा रहा है। सामूहिक कन्या विवाह सामाजिक समरसता और सद्भाव का प्रतीक है। विधायक शरद कोल ने कहा कि समारोह का उद्देश्य समाज में सादगीपूर्ण एवं आदर्श विवाह को बढ़ावा देना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से एक ही मंच पर अनेक जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाता है, जिससे सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम को सदस्य जिला योजना समिति अमिता चपरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ने भी संबोधित किया। इस दौरान नवदंपतियों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के प्रतीक स्वरूप चेक एवं गृहस्थ जीवन की आवश्यक सामग्री प्रदान की गईं, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरूआत सुगमता से कर सकें। इस अवसर पर एसडीएम काजोल सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सुशीला शुक्ला, जनपद उपाध्यक्ष रक्षा सिब्बू सिंह, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शिवेन्द्र सिंह, सिंह, जनपद सीईओ जयसिंहनगर शिवानी जैन, एपीओ अनुराग निगम सहित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।











