SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » ऑपरेशन बना मौत का कारण: किडनी स्टोन इलाज में लापरवाही का आरोप, युवक की मौत पर सतना में बवाल

ऑपरेशन बना मौत का कारण: किडनी स्टोन इलाज में लापरवाही का आरोप, युवक की मौत पर सतना में बवाल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-    सतना। किडनी स्टोन के साधारण इलाज के लिए भर्ती युवक की मौत ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। पन्ना जिले के देवेंद्रनगर निवासी युवक की कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते रीवा में मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने सतना में जमकर हंगामा किया। पहले कोलगवां थाना के पास हाईवे जाम किया गया, फिर पाठक हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप, दूसरी किडनी भी हुई क्षतिग्रस्त

परिजनों का आरोप है कि युवक को किडनी में पथरी की शिकायत थी, लेकिन सतना के निजी अस्पताल में 4 अप्रैल को हुए करीब पांच घंटे लंबे ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने गंभीर लापरवाही बरती। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान स्वस्थ किडनी में भी कट लगा दिया गया और उसे धागे से बांध दिया गया।

रीवा में खुली पोल, नहीं बच सकी जान

मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे रीवा के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां जांच में दूसरी किडनी पर गहरा कट और धागा बंधा मिला। डॉक्टरों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन संक्रमण और अधिक क्षति के कारण दूसरी किडनी भी निकालनी पड़ी। आखिरकार युवक की मौत हो गई।

परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क से अस्पताल तक प्रदर्शन

घटना के बाद परिजन उग्र हो गए। कोलगवां थाना के सामने चक्का जाम कर दिया गया। पुलिस ने समझाइश देकर रास्ता खुलवाया, लेकिन थोड़ी देर बाद परिजन पाठक हॉस्पिटल पहुंच गए और वहां शव रखकर धरना देने लगे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

मां का आरोप ‘मामूली पथरी थी, डॉक्टरों ने ले ली जान’

मृतक की मां ने डॉक्टरों पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे को सिर्फ पथरी की समस्या थी, लेकिन गलत इलाज और लापरवाही के कारण उसकी जान चली गई। उन्होंने संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो में डॉक्टर की ‘गुजारिश’, जिम्मेदारी से बचते नजर आए

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर परिजनों से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसमें वे अपनी गलती स्वीकारते और मामले को शांत करने की गुजारिश करते दिख रहे हैं। हालांकि, वे जिम्मेदारी रीवा अस्पताल पर डालने की कोशिश भी करते नजर आए।

20 करोड़ मुआवजा और एफआईआर की मांग

परिजनों ने मांग की है कि दोषी डॉक्टरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और परिवार को 20 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच और विशेषज्ञ टीम से पोस्टमार्टम कराने की मांग भी की गई है।

सीएमएचओ बोले, जांच के बाद होगी कार्रवाई

सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। जांच के लिए टीम गठित की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us