श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- दक्षिण वनमंडल शहडोल में अवैध लकड़ी परिवहन रोकने के लिए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में, बीती रात गश्ती दल ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए नीलगिरी की लकड़ी से भरे दो वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र जैतपुर के अंतर्गत की गई।
पहली कार्रवाई बीट देवरी के ग्राम न्यटरी में हुई। गश्ती दल ने एक संदिग्ध ट्रक (क्रमांक सीजी 31 सी 0154) को रोककर पूछताछ की। चालक ने अपना नाम श्रीनिवास पनिका, निवासी घुनघुटी बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में नीलगिरी की लकड़ी मिली। चालक लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई भी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद, गश्ती दल ने तत्काल वाहन को जब्त कर बीटगार्ड भठिया के सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजों के अभाव में यह अवैध परिवहन का मामला है। इसी रात दूसरी कार्रवाई जैतपुर मार्ग के पास स्थित बैरिहा क्षेत्र में की गई। गश्त के दौरान एक नीले रंग के ट्रैक्टर को संदिग्ध स्थिति में देखकर रोका गया।
ट्रैक्टर की तलाशी लेने पर उसमें भी नीलगिरी की लकड़ी लदी हुई मिली। चालक आवश्यक कागजात और लकड़ी परिवहन की अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वन विभाग ने मौके पर ही ट्रैक्टर को जब्त कर कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नीलगिरी की लकड़ी का बड़े पैमाने पर अवैध कटान और परिवहन हो रहा है। इसे रोकने के लिए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिससे अवैध लकड़ी माफियाओं में भय का माहौल बना है।







