श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल के जैतपुर में एक नवविवाहिता की हत्या का मामले में जैतपुर पुलिस ने रविवार को आरोपी जैठ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या के कुछ ही घंटों में खुलासा किया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घटना शनिवार को जैतपुर की चौकी दर्शीला के अंतर्गत आने वाले गांव खाड़ा में हुई। मृतका संगीता प्रजापति (25) का शव उसके घर के सामने खलिहान में घास के ढेर में मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। संगीता के पति माखन प्रजापति जब मजदूरी कर घर लौटे, तो उन्हें संगीता घर में नहीं मिली।
जेठ ने विवाद के बाद किया मर्डर
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। खलिहान में संगीता का शव खून से लथपथ पड़ा था। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि घटना के समय मृतका के साथ घर में उसका जेठ जीवनलाल और सास मौजूद था। पुलिस को जेठ के बयानों में विरोधाभास मिला था जिससे उस पर संदेह हुआ।
कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी जेठ ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि मृतका का उसकी मां से विवाद हो रहा था। जब उसने संगीता को समझाने की कोशिश की, तो वह नहीं मानी। गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से संगीता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद जेठ ने शव को खलिहान में छिपा दिया था। जब संगीता का पति माखन घर लौटा और उसने अपनी पत्नी की तलाश शुरू की, तब शव मिला। आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को छिपा दिया था और उसके डंडे को जला दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







