श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अवैध खनन स्थलों पर पहुंचे और निरीक्षण किया। अवस्थी ने आरोप लगाया कि यह अवैध कारोबार शासन-प्रशासन की मिलीभगत से एक बड़े सिंडिकेट के रूप में संचालित हो रहा है।
अवस्थी ने बताया कि उन्हें कई महीनों से अवैध कोयला उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता बकहो वार्ड नंबर एक पहुंचे, जहां निजी और सरकारी दोनों भूमियों पर बड़े पैमाने पर अवैध खदानें मिलीं। उन्होंने बताया कि इन खदानों में डेढ़ से दो साल से भारी मशीनों से कोयला निकाला जा रहा है और हाइवा ट्रकों से बाहर भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस टीम बटुरा गांव भी पहुंची। यहां गड्डानुमा भूमिगत अवैध खदानें मिलीं, जिनकी संख्या स्थानीय निवासियों के अनुसार 150 से 200 के बीच है। ग्रामीणों ने बताया कि खदान संचालक गरीब मजदूरों को पैसों का लालच देकर गहरे गड्डों में काम करवाते हैं, जहां दम घुटने से कई मजदूरों की मौत हो चुकी है।
हालांकि, इन मौतों की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाती।
अवस्थी ने जोर देकर कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध खनन बिना प्रशासनिक संरक्षण के संभव नहीं है। उन्होंने भाजपा के कई बड़े नेताओं पर भी इस अवैध कारोबार में शामिल होने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल कार्रवाई कर अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अवैध खनन से न केवल सरकारी खजाने को नुकसान हो रहा है, बल्कि यह स्थानीय पर्यावरण, भू-जल और मजदूरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन गया है। यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने दी।







