श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल के जुगवारी में एक महिला पटवारी पर कुल्हाड़ी से हमले का प्रयास किया गया। पटवारी करुणा पांडेय ग्राम पंचायत में फसल क्षति सर्वे का शासकीय कार्य कर रही थीं, तभी आरोपी सतीश जायसवाल ने उन पर हमला करने की कोशिश की और गाली-गलौज की। इस घटना के बाद पटवारी संघ ने कोतवाली थाने में हंगामा किया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के जुगवारी गांव में हुई। पटवारी करुणा पांडेय फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन और फसल क्षति सर्वे का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी सतीश जायसवाल अपनी मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा। उसने अपने खेत के मुआवजे की मांग को लेकर पटवारी से बहस शुरू कर दी।
महिला पटवारी ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
बहस के दौरान आरोपी सतीश जायसवाल ने हाथ में कुल्हाड़ी लेकर पटवारी करुणा पांडेय के साथ गाली-गलौज की। जब महिला पटवारी ने आपत्ति जताई, तो आरोपी ने उन पर हमला करने का भी प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को वहां से हटाया।
घटना के बाद महिला पटवारी ने अपने साथी पटवारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने महिला पटवारी की शिकायत पर आरोपी सतीश जायसवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पटवारी संघ के सदस्यों ने विरोध में थाने में धरना दिया
इस घटना की जानकारी मिलने पर पटवारी संघ के सदस्य भी कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए थाने में धरना दिया। पटवारियों ने मांग की कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे अपना कोई भी शासकीय कार्य नहीं करेंगे।
काफी समय तक चले हंगामे के बाद कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने पटवारियों को समझाया-बुझाया। पुलिस ने उन्हें आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद पटवारी शांत हुए। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम रवाना कर दी है।







