श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल के ब्यौहारी वन क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक बाघ की मौत हो गई। शिकारियों ने बाघ के अंगों को एक स्थान पर दफना दिया था। इस मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खेत में बाघ के अंग मिले
यह मामला तब सामने आया जब राजस्व ग्राम बोचरो के एक खेत में बाघ के अंग मिले। किसानों ने खेत में बाघ के अंग देखकर वन विभाग को सूचित किया। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित अंगों का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया गया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
वन विभाग और एस.टी.एस.एफ. जबलपुर की एक संयुक्त टीम ने विस्तृत जांच की। जांच के बाद ग्राम बोचरो के स्थानीय निवासी अम्ब्रीश लोनी और लल्लू कोल को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए तार और खूटियों का उपयोग कर करंट लगाया था।
अंगों को बोचरो क्षेत्र में दबाने के बाद फरार हो गए थे आरोपी
वन विभाग के क्षेत्र अधिकारी अर्पित मैराल ने इस घटना को एक गंभीर अपराध बताया। उन्होंने कहा कि आरोपी घटना के बाद बाघ के शव के टुकड़े करके कुछ अंगों को बोचरो क्षेत्र में दबाने के बाद फरार हो गए थे। म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ब्यौहारी के कनिष्ठ अभियंता ने भी इस घटना की पुष्टि की है।
अधिकारी बोले-मामले की कर रहे हैं जांच
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद, उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर मौके का निरीक्षण कराया गया। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने बाघ के कुछ अंगों को चीटीमार तालाब में भी दबा दिया था। वन विभाग की टीम ने तालाब से उन अंगों के साथ-साथ शेष संबंधित सामान भी जब्त कर लिया। आरोपियों को न्यायालय ब्यौहारी में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।







