SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » शहडोल में सिंचाई कर्मचारी के घर 3 लाखों की चोरी:चोरों ने अलमारी तोड़कर नकदी और गहने चुराए; घर में अकेली थी पत्नी

शहडोल में सिंचाई कर्मचारी के घर 3 लाखों की चोरी:चोरों ने अलमारी तोड़कर नकदी और गहने चुराए; घर में अकेली थी पत्नी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-        शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में सिंचाई विभाग के कर्मचारी सिद्धगणेश शुक्ला के घर लाखों रुपए की चोरी हुई है। अज्ञात चोरों ने राम जानकी मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 3/4 स्थित उनके सूने घर को निशाना बनाया और अलमारी तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मंगलवार रात सिद्धगणेश शुक्ला ड्यूटी से लौटने के बाद दूध बांटने घर से बाहर गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी भारती शुक्ला घर पर अकेली थीं। रात करीब 11 बजे उन्होंने घर के भीतर अलमारी टूटी देखी और तुरंत पति को सूचना दी। सिद्धगणेश के घर पहुंचने पर पता चला कि अलमारी के ताले टूटे थे और उसमें रखे सामान गायब थे।

घर से लगभग 3 लाख का सामान चोरी

चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो हार, तीन अंगूठियां, तीन मंगलसूत्र, एक ओम लॉकेट, सोने की बेदी, चांदी की पायल और कुछ बर्तन शामिल हैं। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपए बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का पता लगाया जा सके।

एएसपी बोले- आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है

एएसपी अभिषेक दिवान ने बताया कि पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा किया है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में सोहागपुर और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। इससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और वे रात के समय पुलिस गश्त में लापरवाही को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us