सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में विशेष शाखा के डीएसपी योगेंद्र सिंह के सरकारी आवास में चोरी हो गई। बदमाश खिड़की तोड़कर घर में घुसे और अलमारी से लैपटॉप और घड़ी चुरा ले गए। घटना उस समय हुई, जब डीएसपी रीवा गए हुए थे।
कोतवाली थाना क्षेत्र में जेल बिल्डिंग के पीछे स्थित सरकारी आवास में हुई इस चोरी का पता तब चला, जब वे रीवा से वापस लौटे। घर की टूटी खिड़की देखकर उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ।
डीएसपी के नौकर कन्हैया लाल सौंधिया ने सोमवार दोपहर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस अधिकारी का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे होगी।
जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारी के घर हुई चोरी ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







