श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के जैतपुर क्षेत्र में स्थित घोघरी गांव में एक युवक की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। बबरु बैगा नाम का युवक रात 10 बजे घर में सो रहा था, तभी उसे सांप ने काट लिया। युवक ने तुरंत अपने पिता दौऊआ बैगा को सूचित किया।
परिजनों ने 108 एंबुलेंस को कई बार फोन किया। एंबुलेंस कर्मियों ने जल्द पहुंचने का आश्वासन दिया। लेकिन दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। रात 12 बजे परिजनों ने डायल 100 को फोन किया। पुलिस ने युवक को जैतपुर अस्पताल पहुंचाया। तब तक वह बेहोश हो चुका था।
जैतपुर अस्पताल से शहडोल जिला अस्पताल जाने के लिए परिजनों को 2500 रुपए में निजी एंबुलेंस किराए पर लेनी पड़ी। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने कहा कि इलाज में बहुत देर हो गई है। शनिवार तड़के 4 बजे युवक की मौत हो गई।

घटनास्थल से जैतपुर अस्पताल की दूरी 15 किलोमीटर है। सांप के काटने के बाद समय पर एंबुलेंस सेवा न मिलने और उचित इलाज में देरी के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर राजेश मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच करवाई जाएगी, जो भी दोषी होगा उस पर कारवाही की जाएगी।









