सीमा सिंह शहडोल -: जैतपुर थाना क्षेत्र में एक बारात में आए दूल्हे के चाचा रामसखा पाव की कुएं में डूबने से मौत हो गई। यह घटना सोमवार को सीधी थाना क्षेत्र के कुदरा टोला से जैतपुर कुंड गांव में आई बारात के दौरान हुई।
हीरालाल पाव की पुत्री की शादी में बाराती रामसखा पाव जयमाला कार्यक्रम के बाद शौच के लिए घर की बाड़ी में गए। वहां बने कुएं में वह गिर गए। सुबह जब उनकी तलाश की गई तो वह कहीं नहीं मिले।
परिजनों ने कुएं में देखा तो एक शव पानी में तैरता मिला। कपड़ों से शव की पहचान रामसखा के रूप में की गई। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। जब बारात की विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी यह दुखद घटना सामने आई।
जैतपुर थाना प्रभारी राम कुमार गायकवाड़ ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इस घटना के बाद बारात में शामिल सभी लोग शोक में डूब गए।







