सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के सनौसी गांव में चोरों ने घर से दो लाख रुपए का सामान पार कर दिया। रविवार को राजकमल पटेल का परिवार पड़ोसी गांव में शादी समारोह में गया था। चोरों ने इस मौके का फायदा उठाया।
घर में लगा ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। चोर अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के जेवर और नकद रुपए समेत करीब दो लाख का सामान चुरा ले गए। परिवार के लौटने पर घर का सारा सामान बिखरा मिला।
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर टीम पहुंची। ब्यौहारी थाना प्रभारी अरुण पांडेय के मुताबिक चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।
इससे पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के कोयलारी में भी चोरी हुई थी। वहां भी पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है। जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आम लोगों में डर का माहौल है।







