श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मुख्यमंत्री के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित शहडोल दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों के 25 अक्टूबर तक बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगा दी है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित बाणगंगा मैदान में किया जाना है। इसे देखते हुए मैदान की व्यवस्थाओं से लेकर हितग्राहियों को लाभ वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास तक की तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने बाणगंगा मैदान का समतलीकरण कराने और कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी की व्यवस्था करने के अलावा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण की तैयारियां पूरी करने को कहा गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तावित विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए भी संबंधित विभागों को सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम से जुड़ी आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध हो सके।
अधिकारियों को मुख्यालय में रहने के निर्देश
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के अनुरूप समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 25 अक्टूबर तक बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का जोर कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति, वनमंडलाधिकारी श्रद्धा पेंद्रो, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, एसडीएम अमृता गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









