SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » अनूपपुर में सड़क हादसे में 11वीं के छात्र की मौत, शव रखकर साढ़े तीन घंटे चक्काजाम

अनूपपुर में सड़क हादसे में 11वीं के छात्र की मौत, शव रखकर साढ़े तीन घंटे चक्काजाम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर के राजनगर थाना क्षेत्र में स्कूल जा रहे 11वीं के छात्र ललित केवट की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव हाईवे पर रखकर साढ़े तीन घंटे चक्काजाम किया। पुलिस दोनों वाहनों की भूमिका की जांच कर रही है।

राजनगर थाना क्षेत्र के फुलवारी टोला में बुधवार, 7 अक्टूबर की सुबह करीब 10:45 बजे सड़क हादसे में कक्षा 11वीं के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पेंड्रा–मनेंद्रगढ़ स्टेट हाईवे पर रखकर करीब साढ़े तीन घंटे तक चक्काजाम किया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एक यात्री बस में सवार महिला और पुरुष यात्रियों को भी करीब एक घंटे 40 मिनट तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्कूल जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हर्री निवासी ललित केवट अपने साथी सागर केवट और गणेश उपाध्याय के साथ बाइक से मलगा शासकीय विद्यालय जा रहा था। इसी दौरान आमाडाड़ की ओर से आ रहे वाहन की टक्कर से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ललित केवट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी घायल हो गए।

हादसे के समय मौके से एक पिकअप वाहन और एक ट्रांसपोर्टिंग ट्रक भी गुजर रहे थे। दुर्घटना में किस वाहन की भूमिका रही, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है।

शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम

छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आमाडाड़–मनेंद्रगढ़ स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान कोयला परिवहन समेत बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। प्रदर्शनकारियों ने दोषी वाहन चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता देने की मांग की।

आश्वासन के बाद हटाया शव

चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य, नायब तहसीलदार तथा बिजुरी, आमाडाड़ और राजनगर थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।

राजनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के कथन लिए जा रहे हैं। हादसे से जुड़े दोनों वाहनों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी वाहन चालक दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us