श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के बोड़री गांव में दिल दहला देने वाली वारदात हुई। 18 वर्षीय युवक अविनाश नापित की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। युवक बरुहा नदी के किनारे गंभीर हालत में मिला था। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार अविनाश घर के पास बरुहा नदी के किनारे बैठा था। इसी दौरान उसके पिता वहां से गुजरे। अविनाश ने उनसे कहा कि वह थोड़ी देर बाद घर आ जाएगा।
कुछ समय बाद ही एक युवक ने उसके पिता को फोन कर बताया कि अविनाश नदी के पास खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलते ही पिता ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। अविनाश गंभीर हालत में पड़ा था और उसके गले पर धारदार हथियार से हमले का गहरा घाव था। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुएए लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सुनील नापित के बेटे अविनाश नापित निवासी अतरिया टोला बोड़री के रूप में हुई है।
सिंहपुर थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। हत्या किसने और किस वजह से की, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है













