श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। दीनदयाल चौक के पास स्थित महफिल बार एंड रेस्टोरेंट में हुई युवती की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद वारदात की भयावह तस्वीर सामने आई है।
हमले के बाद घायल युवती रसोई में तड़पती नजर आई
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि विवाद के दौरान वेटर पवन बर्मन अचानक रसोई में रखा चाकू उठाता है और अपनी सहकर्मी मुस्कान चौधरी पर लगातार चार वार करता है।
आरोपित कुछ देर तक वहीं खड़ा होकर देखता रहा
हमले के बाद घायल युवती रसोई में तड़पती नजर आती है। आरोपित कुछ देर तक वहीं खड़ा होकर उसे देखता रहता है। फुटेज में इसके बाद आरोपित का व्यवहार भी सामने आया है। हमला करने के बाद वह रसोई में ही इत्मिनान से काम करता नजर आता है।
युवती की आवाज सुनकर एक कर्मचारी बाहर जाता दिखा
इस दौरान घायल युवती की आवाज सुनकर एक कर्मचारी बाहर जाता है और अन्य साथियों को घटना की जानकारी देता है। इसके बाद कर्मचारी रसोई में पहुंचते हैं और घायल मुस्कान को अस्पताल ले जाने की कोशिश करते हैं।
14 अगस्त को मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था
14 अगस्त को हुई इस वारदात से पहले दोनों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने चाकू से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।














