श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मुरैना। जिले के जौरा कस्बे में शादी के 42 दिन बाद 33 साल की नवविवाहिता ने अपनी ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। महिला ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, जौरा पुलिस इसकी जांच कर रही है। मृतक महिला शहडोल में शिक्षिका थी और उसका पति सत्यम श्रीवास उज्जैन कोर्ट में बाबू के पद पर पदस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक, जौरा कस्बा में गांधी पार्क के पास रहने वाले सत्यम श्रीवास की शादी 6 जुलाई को फूफ की रहने वाली सुप्रिया श्रीवास से हुई थी। 14 व 15 अगस्त का अवकाश होने के कारण सुप्रिया व सत्यम अपनी अपनी पोस्टिंग से जौरा अपने घर आ गए। ससुर अजमेर सिंह श्रीवास का कहना है कि शनिवार रात आठ बजे मैंने व बहू-बेटे से खाना खाया और रात्रि विश्राम के लिए अपने कक्षों में चले गए। रात में बहू सुप्रिया ने कमरे में फांसी लगाई, तभी सत्यम जाग गया तो उसने बहू को फंदे से नीचे उतार लिया।
सुप्रिया को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गए लेकिन दौरान उपचार उसकी मौत हो गई। मुरैना में पीएम के बाद बहू के शव को अंतिम संस्कार के लिए जौरा लाया गया। पुलिस ने बताया कि सुप्रिया 33 वर्ष की होकर फूफ भिंड की रहने वाली होकर वर्तमान में शहडोल में शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही थी।
सत्यम 23 साल का होकर उज्जैन कोर्ट में बाबू पद पर सेवाएं दे रहा है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि शादी के 42 दिन बाद नवविवाहिता ने फांसी क्यों लगा ली।













