श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- देवास। अंचल के नगर कांटाफोड़ में एक नशेड़ी व्यक्ति ने अपनी पत्नी को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इसके बाद नशेड़ी ने हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए साड़ी के फंदे से शव को लटका दिया। हालांकि पीएम के दौरान मारपीट से मृत्यु होने की पुष्टि हुई, इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कांटाफोड़ थाना प्रभारी अभिषेक गौतम ने बताया चार अगस्त को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 14 कांटाफोड़ निवासी 32 वर्षीय सुनीता भील ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर थाना कांटाफोड़ पुलिस ने मौका मुआयना किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद डॉक्टरों की अंतिम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत मारपीट से लगी गंभीर चोटों के कारण हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्वजन व घटना के समय मौजूद बच्ची के कथन दर्ज किए।
जांच में सामने आया कि आरोपी जितेन्द्र भील ने शराब पीने के बाद पत्नी के साथ मारपीट की थी जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने साड़ी का फंदा बनाकर शव को छत से लटका दिया ताकि घटना आत्महत्या लगे। पुलिस ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जितेन्द्र के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।







