श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। रिमार और कुदारी जंगल के बीच से 25 मवेशियों को बरामद किया गया और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम को की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में मवेशियों को जंगल के रास्ते पैदल ले जा रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीधी थाना पुलिस ने एक टीम गठित की। टीम ने रिमार-कुदारी जंगल के संभावित रास्तों पर निगरानी शुरू कर दी।
निगरानी के दौरान पुलिस टीम को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। मौके पर घेराबंदी कर तीन लोगों को 25 मवेशियों के साथ पैदल ले जाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उनसे मवेशियों से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए।
इनको किया गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जानकी जोगी, रामचरित अहिरवार और रामलखन जोगी के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इन मवेशियों को अवैध रूप से दूसरे जिले या राज्य में ले जाने की तैयारी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को वास्तव में कहां ले जाया जा रहा था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों से यह भी पूछताछ की जा रही है कि उन्हें मवेशी किसने सौंपे थे और उनकी डिलीवरी किसे की जानी थी।
बरामद किए गए सभी 25 मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर उनके संरक्षण की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।







