श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलाई शनिचरी बाजार में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 12 वर्षीय किशोर लक्ष्यदास ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे परिजन लक्ष्य को स्कूल भेजने के लिए उठाने पहुंचे तो उसका कमरा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दादा बिंदेश्वर दास ने खिड़की का कमजोर पल्ला हटाकर कमरे में प्रवेश किया, जहां लक्ष्य गमछे के फंदे से पंखे पर लटका मिला। उन्होंने तत्काल फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। परिजन पहले उसे सेंट्रल अस्पताल अमलाई और फिर जिला अस्पताल अनूपपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार लक्ष्य संजय नगर स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में कक्षा छठवीं का छात्र था। सुबह उठने के बाद उसने अपने दादा से मोबाइल मांगा। दादा रोज की तरह टहलने निकल गए और इसी दौरान किशोर अपने कमरे में चला गया। परिजनों का कहना है कि मोबाइल की जांच में सामने आया कि लक्ष्य ने यूट्यूब पर फांसी लगाने का तरीका खोजा था। इसके बाद उसने गमछे और दुपट्टे को जोड़कर फंदा बनाया और पंखे से लटक गया। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है।











