SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » यूट्यूब पर देखा फांसी लगाने का तरीका, 12 साल के किशोर ने की आत्महत्या; इन वजहों से था परेशान

यूट्यूब पर देखा फांसी लगाने का तरीका, 12 साल के किशोर ने की आत्महत्या; इन वजहों से था परेशान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलाई शनिचरी बाजार में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 12 वर्षीय किशोर लक्ष्यदास ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे परिजन लक्ष्य को स्कूल भेजने के लिए उठाने पहुंचे तो उसका कमरा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दादा बिंदेश्वर दास ने खिड़की का कमजोर पल्ला हटाकर कमरे में प्रवेश किया, जहां लक्ष्य गमछे के फंदे से पंखे पर लटका मिला। उन्होंने तत्काल फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। परिजन पहले उसे सेंट्रल अस्पताल अमलाई और फिर जिला अस्पताल अनूपपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार लक्ष्य संजय नगर स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में कक्षा छठवीं का छात्र था। सुबह उठने के बाद उसने अपने दादा से मोबाइल मांगा। दादा रोज की तरह टहलने निकल गए और इसी दौरान किशोर अपने कमरे में चला गया। परिजनों का कहना है कि मोबाइल की जांच में सामने आया कि लक्ष्य ने यूट्यूब पर फांसी लगाने का तरीका खोजा था। इसके बाद उसने गमछे और दुपट्टे को जोड़कर फंदा बनाया और पंखे से लटक गया। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है।

मृतक के छोटे चाचा अजय दास ने बताया कि लक्ष्य पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान था। वह अक्सर कहता था कि स्कूल के कुछ दोस्त और अन्य लोग उसे ताने देते हैं। माता-पिता के बीच अलगाव का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और पारिवारिक परिस्थितियों का असर बच्चे पर पड़ रहा था। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन ही लक्ष्य की बड़ी बहन का जन्मदिन भी था, लेकिन सुबह यह दुखद घटना घटने से पूरे परिवार में मातम छा गया। चचाई पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us