श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र के हरी टोल प्लाजा के पास बुधवार देर रात टाटा हैरियर और मारुति वैगनआर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद टाटा हैरियर में सवार चार युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना देर रात हरी टोल प्लाजा के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा के कर्मचारी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
आरक्षक को भी आई मामूली चोट
दुर्घटना के दौरान पुलिस लिखी आल्टो कार में सवार महाकाल चौकी में पदस्थ एक आरक्षक को भी मामूली चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
तेज रफ्तार मानी जा रही वजह
सोहागपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस फरार हैरियर सवार युवकों की तलाश कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।







