श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः ट्रेन में सफर के दौरान भैया जल्दी टिकट भेज दो वाला जुगाड़ अब महंगा पड़ सकता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। ट्रेन में यात्रा कर रही अंकिता ने ट्रेन छूटने के बाद भाई से रेलवे एप के जरिए अनारक्षित टिकट बनवाया।
अंकिता के भाई ने टिकट का स्क्रीनशाट व्हाट्सएप पर भेज दिया। अंकिता ने टीटीई को वही स्क्रीनशाट दिखाया, लेकिन रेलवे नियमों के मुताबिक टीटीई ने उसे अमान्य करार दे दिया और नियमानुसार जुर्माना वसूल किया। दरअसल गाड़ी 18517 कोरबा से शाम 4.10 बजे चली थी, जबकि टिकट शाम 4.45 बजे जारी हुआ था।
रेलवे नियमों के अनुसार अनारक्षित डिजिटल टिकट उसी मोबाइल में होना चाहिए जिसमें रेलवे एप पंजीकृत है और जिससे बुकिंग की गई हो।
स्क्रीनशाट, वाट्सएप फारवर्ड या प्रिंटआउट वैध नहीं माना जाता। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के सहायक जनसंपर्क अधिकारी अंबिकेश साहू ने कहा है कि यात्रा से पहले ही वैध टिकट लें।







