श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर। शासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर में महिला डाक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी देने तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपित संतोष तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
18 जून को शिकायत की थी
पुलिस के अनुसार, जिला चिकित्सालय में कार्यरत महिला चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी कि 18 जून को सुबह लगभग 10:45 बजे महिला ओपीडी में मरीजों का उपचार चल रहा था।
मोबाइल से वीडियो बनाते हुए कक्ष में प्रवेश कर गया
संतोष तिवारी बिना अनुमति मोबाइल से वीडियो बनाते हुए कक्ष में प्रवेश कर गया। आरोप है कि उसने महिला डॉक्टरों के बेहद करीब जाकर वीडियो बनाया तथा उपचार कराने आई महिला मरीजों की निजता का भी उल्लंघन किया।
मरीजों के उपचार में बाधा उत्पन्न हुई
शिकायत में बताया गया कि जब डाक्टरों ने उसे वीडियो बनाने से रोका तो वह ऊंची आवाज में अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा और करीब 30 से 45 मिनट तक हंगामा करता रहा। इस कारण चिकित्सकों का शासकीय कार्य प्रभावित हुआ तथा मरीजों के उपचार में बाधा उत्पन्न हुई।
सुरक्षा अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया
मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं सहित चिकित्सकों एवं चिकित्सा से संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया।
पहले से भी अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं
पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध पहले से भी अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसकी पत्नी द्वारा घरेलू हिंसा, मारपीट एवं प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया गया है। इसके अतिरिक्त स्पान मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के एक सुपरवाइजर के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है।
न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया
कोतवाली पुलिस ने आरोपित संतोष तिवारी (46) निवासी कपिलधारा कालोनी, बरबसपुर अनूपपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।







