श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुरः में भटककर पहुंची एक मानसिक रूप से बीमार 20 वर्षीय युवती को सामाजिक प्रयासों से उसके स्वजनों से मिलाया गया। युवती कई दिनों से जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती थी और अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं थी।
जानकारी के अनुसार, चार-पांच दिन पूर्व देर रात आम लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस की सहायता से युवती को जिला चिकित्सालय लाया गया था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने और शारीरिक रूप से अत्यधिक कंमजोर होने के कारण वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी। जिला चिकित्सालय के पुलिस’ सहायता केंद्र के प्रधान आरक्षक कमलेश प्रसाद, आरक्षक आशीष तिवारी तथा अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ व सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल ने युवती की जानकारी विभिन्न व्हाट्सएप समूहों, सामाजिक संगठनों और व्यक्तिगत संपकों के माध्यम से साझा कर उसकी पहचान का प्रयास शुरू किया।
लगातार खोजबीन के बाद युवती की जानकारी छत्तीसगढ़ के परिजनों तक पहुंची। मंगलवार दोपहर स्वजन जिला चिकित्सालय पहुंचे और युवती की पहचान धनपतिया सिंह 20 वर्ष निवासी ग्राम डोंगरापारा, ग्राम पंचायत आमाडांड, तहसील पेंड्रा, जिला जीपीएम (छत्तीसगढ़) के रूप में की।
स्वजन ने बताया कि धनपतिया मानसिक रूप से बीमार है और परिवार के सदस्य मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं। इसी दौरान वह घर से भटकते हुए अनूपपुर पहुंच गई थी। उसे स्वजन को सौंपा गया।







