श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपकर बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय चांपा एवं एनएच-43 स्थित बिरसा मुंडा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2019 से संचालित बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महान आदिवासी जननायक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर स्थापित है, लेकिन आज तक महाविद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है। संगठन ने इसे आदिवासी समाज एवं देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि संस्थान के मुख्य प्रवेश द्वार पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित होने से विद्यार्थियों और आगंतुकों उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा मिलेगी।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष एवं जिला संयोजक राजेश कुशवाहा ने मांग की कि शहडोल-अनूपपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-43) स्थित बिरसा मुंडा चौक पर भी भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि उनके ऐतिहासिक योगदान और आदिवासी समाज के गौरव को उचित सम्मान मिल सके।
संगठन ने यह भी मांग उठाई कि बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट, प्रचार-प्रसार सामग्री तथा संस्थागत दस्तावेजों में भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र, जीवन-दर्शन एवं प्रेरणादायी विचारों को प्रमुखता से स्थान दिया जाए। ज्ञापन में प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें रखी गई- मेडिकल कालेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना, एनएच-43 स्थित बिरसा मुंडा चौक पर भव्य प्रतिमा का निर्माण तथा महाविद्यालय की वेबसाइट एवं अन्य संस्थागत सामग्री में उनके चित्र एवं विचारों को ममुखता से शामिल करना।







