श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। जिले में रविवार को सोन नदी के भोलगढ़ घाट पर बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल देखने गए झाल गांव के तीन दोस्त नहाने के दौरान नदी की गहराई में समा गए।
लापता बालक की तलाश में जुटी टीम
स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने तुरंत रेस्क्यू कर दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 14 वर्षीय आलोक द्विवेदी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर लापता बालक की तलाश में जुटी है।
नहाते समय हुआ हादसा
झाल गांव निवासी 14 वर्षीय आलोक द्विवेदी, 13 वर्षीय आयुष सेन और 15 वर्षीय विकास कोल गत दोपहर करीब 3 बजे साइकिल से सोन नदी के भोलगढ़ घाट पर बने निर्माणाधीन पुल को देखने गए थे। पुल देखने के बाद तीनों दोस्त नदी में नहाने उतर गए।

कड़ी मशक्कत के बाद नाविकों ने बचाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कड़ी मशक्कत के बाद नाविकों ने आयुष सेन और विकास कोल को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन आलोक द्विवेदी गहरे पानी में ओझल हो गया।
एसडीआरएफ चला रही सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही चंदिया थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उमरिया से एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम मोटरबोट और गोताखोरों के साथ लापता आलोक की तलाश कर रही है। नदी में तेज बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है।
प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सौंप दिया
चंदिया थाना प्रभारी ने बताया कि सुरक्षित निकाले गए दोनों बच्चों आयुष और विकास को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। दोनों की हालत सामान्य है। लापता आलोक द्विवेदी पिता दिनेश द्विवेदी झाल गांव का रहने वाला है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर लगते ही झाल गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और तीनों बच्चों के परिजन भोलगढ़ घाट पहुंच गए। आलोक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों बच्चे आपस में अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ घूमने जाते थे। रविवार को भी वे बिना बताए घर से पुल देखने निकल गए थे।
गहरे पानी से रहें दूर
उमरिया कलेक्टर ने घटना पर दुख जताते हुए लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। बच्चे और युवा गहरे पानी में नहाने न जाएं। निर्माणाधीन पुलों और घाटों के पास जाने से बचें। भोलगढ़ घाट पर पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं।
2 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम नदी में 2 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चला रही है। अंधेरा होने के कारण देर शाम रेस्क्यू रोक दिया गया। सोमवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







