SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » MP में कार में युवक-युवती के मिले शव, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

MP में कार में युवक-युवती के मिले शव, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  राजगढ़। भानगढ़ रोड स्थित नरसिंह देवला फाटे के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां कार में सवार युवक-युवती द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की आशंका है, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार भानगढ़ रोड पर सड़क किनारे एक कार काफी समय से खड़ी हुई थी। राहगीरों को संदेह होने पर उन्होंने पास जाकर देखा, तो एक युवक कार के बाहर सड़क किनारे तड़पता हुआ मिला, जबकि युवती कार के अंदर गंभीर अवस्था में पड़ी थी। तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक युवक और युवती दोनों ग्राम लाबरिया धुलियाखेड़ी के निवासी हैं। युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष और युवती की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है।

घटनास्थल से पुलिस ने कार, मोबाइल फोन और करीब 29 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। वहीं एक बोतल में पानी के साथ संदिग्ध जहरीला पदार्थ भी मिला है।

प्रारंभिक जांच में इसी पदार्थ के सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी थी। युवक बाहर तड़प रहा था, जबकि युवती कार के अंदर थी। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संदिग्ध पदार्थ के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने दोनों के स्वजन को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर में रखवाया है।

राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि डायल-112 से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया दोनों द्वारा जहरीले पदार्थ के सेवन की बात सामने आ रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us