श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः शहर के ठेकेदार सुरेन्द्र सिंह ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशा जितेन्द्र भंडारी के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत किया है। उन्होंने सीएमओ पर जानबूझकर असत्य और तथ्यों से विपरीत जानकारी अन्य लोगों को देने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि वह वर्षों से विभिन्न विभागों में विधिसम्मत कार्य कर रहे हैं। सीएमओ द्वारा कार्यालय के दस्तावेज अवैधानिक रूप से गलत तथ्यों के साथ सार्वजनिक किए जा रहे हैं। इससे उनके खिलाफ सामग्री बाहर हो रही है। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, व्यक्तिगत सम्मान और व्यावसायिक विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा है। सुरेन्द्र सिंह ने आवेदन में लिखा कि यदि कोई प्रशासनिक या विभागीय कार्यवाही विचाराधीन है तो आधिकारिक स्थिति से अलग जानकारी देकर जनमानस में नकारात्मक धारणा बनाना अनुचित है।
उन्होंने कहा कि अपुष्ट सूचना के कारण चर्चाएं हुईं, जिससे उनकी छवि प्रभावित हुई। आवेदक ने पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाना प्रभारी से प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि यह पाया जाए कि जानबूझकर भ्रामक जानकारी देकर छवि खराब की गई है तो सीएमओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए। कोतवाली टीआइ राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि ठेकेदार की शिकायत पर वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होगी। इस मामले में सीएमओ आशा भंडारी की ओर से प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।







