श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मंडलेश्वर (खरगोन)। क्षेत्र के ग्राम कतरगांव के समीप एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम सेजगांव निवासी पति-पत्नी और दो बच्चे बाइक से आ रहे थे, इस दौरान सामने से आ रही कार से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों बच्चों की मौत हो गई। वहीं पति-पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को मंडलेश्वर शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दंपती को रेफर किया गया है।
जानकारी अनुसार ग्राम सेजगांव निवासी देवकरण पिता भागीरथ अपनी पत्नी रानू, तीन वर्षीय बेटी गणिका और दो वर्षीय बेटे सियांशु के साथ बाइक क्रमांक एमपी 10 एमए 0535 से ग्राम सेजगांव से मिर्जापुर की ओर जा रहे थे।
जानकारी अनुसार पूरा परिवार रानू बाई के मायके मिर्जापुर में कथा में शामिल होने जा रहा था। इस दौरान ग्राम कतरगांव के शनि मंदिर के सामने महाराष्ट्र की बगैर नंबर की नई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दंपत्ति व दो बच्चों को मंडलेश्वर अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने गणिका व सियांशु को मृत घोषित किया। जबकि देवकरण के पैर व सिर में चोट आई है और रानू बाई को कमर में चोट आई है। दंपत्ति को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर किया गया।







