श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- देवास, कन्नौद। ऑपरेशन प्रहार के तहत जुआ-सट्टे के अपराध में लिप्त आरोपितों पर कार्रवाई की जा रही है। कन्नौद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर के सट्टा खाईवाल को 12.10 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया है। इस आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस ने जनगणना अधिकारी बनकर रैकी की गई, इसके बाद घेराबंदी करके गिरफ्तार किया गया।
बुधवार को एएसपी सौम्या जैन ने प्रेसवार्ता में बताया मुखबिर से सूचना मिली थी कि कन्नौद के पीपल्दा रोड वार्ड क्रमांक 11 में सट्टा खाईवाली संचालित की जा रही है। थाना प्रभारी तहजीब काजी द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया, टीम द्वारा दो दिनों तक जनगणना अधिकारी बनकर घटनास्थल की रैकी की गई। इसके बाद दबिश देकर घेराबंदी की गई।
पूछताछ में किए बड़े खुलासे
पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद दो व्यक्ति फरार हो गए जबकि आरोपी संदीप निवासी पीपल्दा रोड को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सट्टा अंक लिखे हुए रजिस्टर में एक वर्ष का हिसाब-किताब 12.10 लाख रुपये जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उज्जैन, इंदौर, चापड़ा, कोटा (राजस्थान) एवं नागपुर तक सट्टा खाईवाली का संचालन करता है।
पुलिस द्वारा आरोपित के बैंक खातों एवं उसके अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी काजी, एसआई दीपक भोंडे, एएसआई मोहनलाल पंवार, आरक्षक राहुल सोनी, निकेतन परमार एवं मुस्कान चौहान की टीम शामिल रही।







