श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रतलाम। जावरा-लेबड़ फोरलेन के चिकलिया फोरलेन टोल प्लाजा के मैनेजर ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के आईटी प्रभारी शुभम गुर्जर पर धमकी देने, गाली-गलौज करने और टोल शुल्क वसूली में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। मामले की आडियो रिकार्डिंग भी सामने आई है, जिसके बाद शिकायत एसपी कार्यालय और बिलपांक थाने में की गई है।
टोल मैनेजर अरिजीत दास गुप्ता ने शिकायत में बताया कि 18 मई की दोपहर करीब 3 बजे शुभम गुर्जर का फोन आया। उसने बिना शुल्क वाहनों को टोल से निकालने का दबाव बनाया। नियमों का हवाला देने पर शुभम ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए टोल स्टाफ और हेड आफिस से आए अधिकारी को धमकाया। शिकायत के अनुसार शुभम ने कहा कि एक घंटे में टोल पर आकर देख लूंगा, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।
घंटेभर तक टोल पर लंबी लाइन लगी थी
मैनेजर का आरोप है कि शुभम गुर्जर अपने रसूख का उपयोग कर प्रतिदिन बाहरी वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए निकलवाता है, जिससे एमपीआरडीसी को राजस्व का नुकसान हो रहा है। शिकायत में टोल प्लाजा पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है। वहीं शुभम गुर्जर ने बताया कि गांव के एक परिचित को हार्ट अटैक आने पर वे टोल पर पहुंचे थे। घंटेभर तक टोल पर लंबी लाइन लगी थी और इमरजेंसी लाइन नहीं खोली गई थी। इसी संबंध में मैनेजर से बात की गई थी।
पहले भी दर्ज हुआ था मामला
अगस्त 2023 में भी टोल नाके पर बिना टोल देकर वाहन निकालने को लेकर शुभम गुर्जर व साथियों पर पिस्टल दिखाकर धमकाने का मामला दर्ज हुआ था। तब भी घटना का वीडियो सामने आया था।







