श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम देवरावा में हुए चर्चित अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्या मृतक तुलसीदास कुशवाहा के बड़े भाई रघुनाथ कुशवाहा ने पुराने विवाद और रंजिश के चलते कुल्हाड़ी से की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। ग्राम देवराव में हुई इस सनसनीखेज हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का ही बड़ा भाई निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक तुलसीदास और उसके बड़े भाई रघुनाथ कुशवाहा (63) के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। पुलिस ने जब रघुनाथ से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच पुराने विवाद को लेकर तनाव था। इसी रंजिश के चलते उसने मौका पाकर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच सामने आ गया।
जानकारी के मुताबिक किसी पुराने मामले में तुलसीदास कई वर्षों तक जेल में बंद रहा था और पिछले वर्ष ही रिहा होकर गांव लौटा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार जेल से लौटने के बाद दोनों भाइयों के बीच तनाव और बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी रघुनाथ लंबे समय से बदला लेने की फिराक में था और आखिरकार उसने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। मामले में थाना प्रभारी जिया उल हक के साथ उप निरीक्षक सुरेश सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद कनौजिया प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय, आरक्षक पंकज सहित अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।







