श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत गिरवा गांव में जंगली हाथी के हमले से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि किसान खेत में बने मकान में परिवार के साथ मौजूद था, तभी अचानक हाथी वहां पहुंच गया। परिवार के अन्य सदस्य तो किसी तरह भाग निकले, लेकिन किसान हाथी की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना अमलाई थाना क्षेत्र के कुदरा टोला गिरवा गांव की है। मृतक की पहचान छोटे लाल पिता बलवीर सिंह उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। बुधवार रात अनूपपुर जिले की सीमा से एक हाथी गांव की ओर पहुंचा था। छोटे लाल अपने खेत में बने घर में परिवार के साथ रुका हुआ था। देर रात हाथी की आहट सुनते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन छोटे लाल समय पर बाहर नहीं निकल पाया और हाथी ने उसे कुचल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अमलाई थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। ग्रामीणों में हाथी को लेकर भारी भय का माहौल है। लोग रात के समय खेतों और जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से एक हाथी अनूपपुर और शहडोल जिले की सीमा पर घूम रहा था। वन विभाग द्वारा लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई थी। बावजूद इसके हाथी अचानक गांव के अंदर पहुंच गया और यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि हाथी ने एक मवेशी को भी कुचलकर मार दिया है।
वन विभाग के अनुसार घटना के बाद हाथी करीब 20 किलोमीटर दूर अटरिया क्षेत्र की ओर निकल गया है। विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। वहीं मृतक परिवार को तत्काल सहायता राशि और मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।









